
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो

देहरादून, भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान द्वारा एक्सेंचर कंपनी के वित्तीय सहयोग से दून जिले के नगल बुलंदवाला में महिलाओं के लिए माइक्रो स्किलप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट प्रोग्राम के पांचवें दिन महिलाओं को उद्यमिता एवं व्यवसायिक कौशल से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने का प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में यूएसआरएलएम के राज्य परियोजना अधिकारी (आजीविका) मोहन पाण्डेय एवं गिरधर सिंह बिष्ट ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रही 55 महिलाओं के साथ संवाद किया तथा उन्हें उद्यमिता विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर मोहन पाण्डेय ने सफल महिला उद्यमियों की प्रेरणादायक कहानियां साझा करते हुए प्रतिभागियों को अपने हुनर और क्षमताओं को व्यवसाय के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही सोच, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास के साथ महिलाएं न केवल स्वयं रोजगार प्राप्त कर सकती हैं, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकती हैं।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को टीम वर्क एवं टीम बिल्डिंग के महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने समूह में बेहतर समन्वय, आपसी सहयोग और जिम्मेदारियों के प्रभावी विभाजन के माध्यम से कार्य करने के तरीकों पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए EDII के परियोजना कोऑर्डिनेटर ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को केवल सैद्धांतिक जानकारी देना नहीं, बल्कि उन्हें अपना व्यवसाय शुरू करने और सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए आवश्यक व्यावहारिक एवं व्यावसायिक दक्षताओं से लैस करना है।उन्होंने बताया कि 26 दिवसीय प्रशिक्षण को दो प्रमुख चरणों में विभाजित किया गया है जिसमें पहले 10 दिन उद्यमिता विकास एवं व्यवसाय संबंधी प्रशिक्षण और फिर 16 दिन हर्बल हाउसहोल्ड प्रोडक्ट्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को व्यवसाय योजना तैयार करने, बाजार की पहचान, उत्पाद विकास, गुणवत्ता, वित्तीय प्रबंधन, विपणन, ग्राहक प्रबंधन तथा उद्यम संचालन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद प्रतिभागी महिलाओं को अपना लघु उद्यम स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।
