
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

देहरादून, सैल्फी लेना आजकल एक फैशन बन गया लेकिन कभी कभी सैल्फी के चक्कर में आज के युवा इतने तल्लीन हो जाते हैं और दुर्घटना की चपेट में आ जाते हैं, ऐसी ही एक घटना सहस्रधारा में घटित हुई जहां घूमने आई हरियाणा की 28 वर्षीय युवती की शनिवार को नदी के तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। बताया गया कि युवती नदी किनारे फोटो खिंचवा रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।पुलिस के मुताबिक, 15 अगस्त को कांस्टेबल संदीप जोगीवाल ने चौकी आईटी पार्क को सूचना दी कि सहस्रधारा क्षेत्र में एक युवती नदी में बह गई है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। युवती के बहाव में आगे निकल जाने की जानकारी मिलने पर एसडीआरएफ को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर नदी के किनारे और बहाव वाले क्षेत्र में तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद युवती सहस्रधारा के समीप नदी के बहाव वाले हिस्से में मिली। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त प्रयास से उसे नदी से बाहर निकाला। उसकी हालत उस समय बेहद गंभीर थी। तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतका की पहचान नेहा आर्य (28), निवासी गांधी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के पास, कोतवाली नगर, पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
