उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
नारायणबगड़ विकासखंड में आक्रामक कुत्तों के काटने की घटनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशानुसार पशुपालन विभाग द्वारा शुक्रवार को लगातार भी सघन टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अब तक 90 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। कुत्तों के साथ-साथ क्षेत्र में मवेशियों को भी टीका लगाया जा रहा है, ताकि पशुओं को भी संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके।वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी नारायणबगड़ डॉ. उत्तम कुमार ने बताया कि क्षेत्र में आक्रामक कुत्तों के काटने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए लोगों एवं पशुओं की सुरक्षा के लिए विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। शुक्रवार को नारायणबगड़ मुख्य बाजार सहित मींग गदेरा, पंती, कौब और केवर गांवों में अभियान चलाया गया।उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 36 कुत्तों का टीकाकरण किया गया, इसके साथ ही क्षेत्र में 90 से अधिक टीकाकरण किया जा चुका है। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों में भी जागरूकता देखने को मिल रही है और बड़ी संख्या में लोग अपने पालतू कुत्तों का टीकाकरण कराने के लिए पशु चिकित्सालय पहुंच रहे हैं।पशुपालन विभाग द्वारा क्षेत्र में स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए टीकाकरण अभियान को आगे भी जारी रखा जा रहा है।
