उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
देहरादून, लगातार हो रही बारिश के चलते मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है । मौसम विभाग ने राज्य के देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग जिलों के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अगले 6 घंटों के लिए फ्लैश फ्लड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।चेतावनी के अनुसार 30 अगस्त 2026 को दोपहर 1:15 बजे से शाम 7:15 बजे तक कुछ स्थानों पर अचानक बाढ़ आने का कम से मध्यम खतरा बना हुआ है।मौसम विभाग की चेतावनी के मुताबिक देहरादून जिले के सुद्धोवाला और सेलाकुई, हरिद्वार व आसपास के क्षेत्रों के साथ ही ऋषिकेश, शिवपुरी, घनसाली, पोखरी, पीपलकोटी और तुंगनाथ समेत आसपास के वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड आने की आशंका जताई गई है।विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण छोटे नदी-नाले और गदेरे अचानक उफान पर आ सकते हैं। ऐसे में निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट, फ्लैश फ्लड की चेतावनी जिलों के चुनिंदा क्षेत्रों के लिए जारी की गई है, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, वहीं चेतावनी में कहा गया है कि इन जनपदों के कुछ वाटरशेड क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ने और फ्लैश फ्लड की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।प्रशासन और आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है। नदी-नालों और बरसाती गदेरों के किनारे जाने से बचने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज बारिश के दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने के साथ भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा भी बना रहता है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
