उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
चमोली ! जोशीमठ नगर क्षेत्र के न्यू रविग्राम में सोमवार सुबह भालू की आवाजाही से लोगों में दहशत फैल गई। आबादी के आसपास भालू के लगातार दिखाई देने से लोग घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरत रहे हैं। सुबह और शाम के समय भालू के पहुंचने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।स्थानीय निवासियों के अनुसार भालू सुबह और शाम आबादी क्षेत्र के आसपास पहुंच रहा है और काफी देर तक यहां घूमता रहता है। इससे लोगों को अपने दैनिक कार्यों के लिए भी सावधानी बरतनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि आबादी के नजदीक भालू की लगातार मौजूदगी से कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है।स्थानीय लोगों ने वन विभाग से न्यू रविग्राम क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने के साथ ही भालू की निगरानी के लिए वन कर्मियों की तैनाती की मांग की है। इसके अलावा भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की भी मांग उठाई गई है।लोगों ने कहा कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भालू के हमले का खतरा बना रहेगा। वहीं, वन विभाग से लोगों को जागरूक करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की गई है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
स्थानीय लोगों ने सुबह और शाम के समय अकेले बाहर निकलने से बचने की अपील की है। भालू दिखाई देने पर उसके नजदीक जाने या उसे छेड़ने के बजाय सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।
