उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
मलबा हटाने के दौरान पहाड़ी से गिरा भारी पत्थर, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम; ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
थराली!नारायणबगड़-परखाल-डुंग्री मोटर मार्ग पर सोमवार को मलबा और बोल्डर हटाने के दौरान पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिर गया। इसकी चपेट में आने से मशीन ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय ग्रामीण उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया,जानकारी के अनुसार वन पंचायत सीरी क्षेत्र में सोमवार को मोटर मार्ग से मलबा, पत्थर और बोल्डर हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मलबे के साथ बोल्डर नीचे आ गिरा। इसकी चपेट में आने से मशीन ऑपरेटर सोमपाल (27) पुत्र धनबहादुर, निवासी विकासनगर, देहरादून गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।हादसे के बाद ग्राम पंचायत सीरी के प्रधान भगवती प्रसाद सती ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए क्षेत्र में सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता व्यक्त की,उन्होंने कहा कि वन पंचायत सीरी क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार मलबा और बोल्डर गिरने की समस्या बनी हुई है। ऐसे में सड़क से मलबा हटाने वाले कर्मचारियों के साथ ही मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में है।प्रधान ने कहा कि आपात स्थिति में रात के समय एंबुलेंस को गांव तक पहुंचाने में भी दिक्कत होती है। उन्होंने प्रशासन से भूस्खलन प्रभावित पहाड़ी का स्थायी उपचार कराने, सुरक्षा दीवार बनाने और बोल्डर रोकने के लिए जरूरी सुरक्षात्मक उपाय किए जाने की मांग की।
स्थायी सुरक्षा इंतजाम नहीं हुए तो आंदोलन
भगवती प्रसाद सती ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और संबंधित विभाग ने मार्ग पर जल्द ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए तो क्षेत्रीय जनता को जिलाधिकारी कार्यालय चमोली के समक्ष आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केवल मलबा हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे और बोल्डरों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।
