उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देहरादून, गुणवत्ता और सुरक्षित उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, कौलागढ़ में ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (बीआईएस) के मार्गदर्शन में मानक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए सीलिंग फैन के भारतीय मानकों पर अपनी लेखन प्रतिभा एवं विषय की समझ का प्रभावी प्रदर्शन किया।प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को यह समझने का अवसर मिला कि दैनिक जीवन में उपयोग किए जाने वाले उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारतीय मानकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। छात्राओं ने सीलिंग फैन की गुणवत्ता, सुरक्षा, ऊर्जा दक्षता तथा मानकों के महत्व को अपने लेखन में रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम में बीआईएस के रिसोर्स पर्सन हरजीत सिंह ने छात्राओं को भारतीय मानकों एवं बीआईएस की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित उत्पादों के चयन में मानकों की भूमिका को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया। मेंटोर सुश्री शिखा उनियाल ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए मानक लेखन की बारीकियों और प्रभावी अभिव्यक्ति के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।
प्रतियोगिता में आरजू ने प्रथम, सोनम ने द्वितीय, दीपिका ने तृतीय तथा अंशु ने चतुर्थ स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विजेता छात्राओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, वहीं प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्या श्रीमती शिवानी पेटवाल के कुशल मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। श्रीमती अनुपमा ममगाईं ने मंच का प्रभावी संचालन किया। इस अवसर पर विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं उपस्थित रही और उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम ने छात्राओं में लेखन कौशल, रचनात्मक अभिव्यक्ति और मानकों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ उन्हें एक जिम्मेदार एवं जागरूक उपभोक्ता बनने के लिए भी प्रेरित किया।
