उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
60 ग्रामीणों की जांच, 13 के रक्त नमूने लिए गए; 116 घरों का सर्वे, दो कंटेनरों में मिला लार्वा नष्ट किया
जखोली विकासखंड के भरदार क्षेत्र के ग्राम सतनी में कई ग्रामीणों के एक साथ बुखार से पीड़ित होने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर स्वास्थ्य,शिविर लगाया। शिविर में 60 ग्रामीणों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित की गईं। वहीं, 13 ग्रामीणों के रक्त नमूने जांच के लिए लिए गए।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने बताया कि जांच में ग्रामीणों में हल्के बुखार और खांसी के लक्षण पाए गए हैं। जलजनित रोगों की आशंका को देखते हुए गांव के पेयजल स्रोत से पानी का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जखोली को ग्रामीणों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
116 घरों का सर्वे, 447 की आबादी कवर
एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शाकिब के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव के 116 घरों का सर्वे किया। इस दौरान करीब 447 की आबादी को कवर किया गया। लार्वा निरोधात्मक कार्रवाई के दौरान दो कंटेनरों में लार्वा पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। टीम ने ग्रामीणों को जलजनित रोगों और डेंगू से बचाव एवं रोकथाम के उपायों के प्रति जागरूक किया।स्वास्थ्य टीम में डॉ. भुवन, माइक्रोबायोलॉजिस्ट मोहित, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुमित, एएनएम शांति और आशा कार्यकर्ता मदनी देवी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।
