उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तरकाशी। बीते रोज रात्रि के समय यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्यानाचट्टी के निकट एक टेम्पो ट्रैवलर चालक के वाहन से नीचे उतरते समय पैर फिसलने के कारण 50 मीटर गहरी खाई में गिरने पर पुलिस व एसडीआरएफ जवानों के सफल रेस्क्यू अभियान चलाने पर उसे खाई से बाहर निकलकर बचा लिया है।बीते रोज करीब नौ बजे रात्रि को एक टेम्पो ट्रैवलर वाहन यात्रियों को लेकर स्याना चट्टी में पहुंचने पर वह शौच के लिए वाहन से नीचे उतरा। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह 50 मीटर की गहरी खाई में जा गिरा। काफी देर थे चालक के वापस न आने पर वाहन में सवार यात्रियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जिस पर स्थानीय पुलिस बल एवं एसडीआरएफ टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक उपेन्द्र निवासी उत्तर प्रदेश को खाई से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में चालक को सामान्य चोटें आई हैं। चालक अपने टेम्पो ट्रैवलर में हरिद्वार से मध्यप्रदेश के 7 तीर्थयात्रियों को चारधाम यात्रा पर लेकर आया था। रात्रि के समय तीर्थयात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने तत्काल दूसरे वाहन की व्यवस्था की और सभी 7 तीर्थयात्रियों को सकुशल उनके रात्रि प्रवास स्थल जानकीचट्टी तक पहुंचाया। खाई में गिरे चालक व तीर्थयात्रियों ने पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्यवाही की सराहना की।
