उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ ‘आँगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम
उत्तरकाशी। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में ‘आँगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मातृ शिशु स्वास्थ्य,पोषण आदि विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की गई।
सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओ के माध्यम से मातृ एवं बाल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और गतिविधियों में सहयोग, बच्चों के पोषण तथा मातृ–शिशु कल्याण योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही गर्भवती, धात्री महिलाओं व बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और समुचित विकास के प्रति परिवारों को जागरूक करना है।इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गर्भवती , धात्री महिलाओं तथा बच्चों की स्वास्थ्य जांच कराई गई। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान करते हुए महिलाओं और अभिभावकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, पोषण, स्वच्छता तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के संबंध में उपयोगी जानकारी दी गई।कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावकों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करते हुए विभागीय अधिकारियों ने अभिभावकों के साथ बच्चों के पोषण, मातृ-शिशु कल्याण तथा विभाग की विभिन्न योजनाओ को लेकर संवाद किया। बताया गया कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए प्रारंभिक अवस्था से ही संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने सांस्कृतिक भी प्रस्तुत किए और बच्चों ने खेल प्रतियोगिताओ में प्रतिभाग किया।इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान,जिलाधिकारी प्रशांत आर्य,ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी ममता पंवार, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी यशोदा बिष्ट सहित महिला सशक्तिकरण विभाग के कार्मिक और आंगनवाड़ी कार्यकत्री उपस्थित रही।
