उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
250 किमी की पैदल यात्रा के बाद भी श्रद्धालुओं में उत्साह, मंगलवार को फरखेत पहुंचेगी यात्रा
थराली/ श्री नंदादेवी लोकजात यात्रा 2026 हिमपर्वत श्रृंखलाओं की तलहटी में स्थित पंचगंगा के होमकुंड में बड़ी पूजा संपन्न करने के बाद वापसी के दूसरे पड़ाव सुतोल गांव पहुंच गई है। सोमवार को दशोली, बंड और ज्वालपा की नंदा देवी की डोलियों और छंतोलियों के साथ यात्रा 18वें आबादी वाले पड़ाव सुतोल पहुंची। यहां रात्रि प्रवास के दौरान पूरी रात देवी जागरण होगा। वहीं, बधाण की राजराजेश्वरी नंदा देवी की उत्सव डोली देवराड़ा वापसी के क्रम में चौथे पड़ाव बेराधार पहुंच गई है।होमकुंड में बड़ी पूजा और खाडुओं की कैलाश विदाई के बाद रविवार को बड़ीजात यात्रा 17वें और चौथे निर्जन पड़ाव जामुन डाली पहुंची थी। सोमवार सुबह जामुन डाली में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा नंदा देवी के जयकारों के साथ सुतोल के लिए रवाना हुई। घने जंगलों से होकर यात्रा तातड़ पहुंची, जहां ध्योंसिंह देवता की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद कुछ देर विश्राम कर यात्रा सुतोल के लिए आगे बढ़ी।सुतोल पहुंचने पर ग्रामीणों ने देव डोलियों और यात्रियों का स्वागत किया। होमकुंड में पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद बड़ी संख्या में यात्री अपने घरों को लौटने लगे हैं। वहीं, यात्रा के साथ चल रहे श्रद्धालु नंदानगर और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचने में जुटे हैं। करीब 250 किलोमीटर की पैदल दूरी तय करने के बावजूद यात्रियों में उत्साह बना हुआ है।
मंगलवार को फरखेत पहुंचेगी यात्रा
मंगलवार को बड़ीजात यात्रा 19वें पड़ाव के तहत विभिन्न गांवों से होकर फरखेत पहुंचेगी। यहां देव डोलियों और यात्रियों का रात्रि प्रवास होगा। बेराधार पहुंची बधाण की नंदा डोली,बधाण की श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी की उत्सव डोली देवराड़ा स्थित नंदा सिद्धपीठ लौटने के क्रम में तीसरे पड़ाव उलंग्रा से रवाना होकर हाट कल्याणी, इच्छोली और अठ्ठू गांव होते हुए चौथे पड़ाव बेराधार पहुंची। रास्ते में ग्रामीणों ने देव डोली का भव्य स्वागत किया। मंगलवार को डोली सिरमथल होते हुए थराली ब्लॉक के टुंड्री और फिर गोठिंड़ा गांव पहुंचेगी।
