उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
9.73 करोड़ रुपये से होगा आठ किमी सड़क का कायाकल्प, 16 गांवों को मिलेगी बेहतर आवाजाही की सुविधा
थराली। आपदा से बदहाल सोलघाटी की लाइफलाइन थराली-डुंगरी मोटरमार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है। सोमवार को थराली विधायक भूपाल राम टम्टा की मौजूदगी में सड़क सुधारीकरण कार्य का भूमिपूजन किया गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) कर्णप्रयाग की ओर से करीब 9.73 करोड़ रुपये की लागत से आठ किलोमीटर सड़क का सुधारीकरण, डामरीकरण और सुरक्षात्मक कार्य कराया जाएगा।बीते वर्षों में प्राकृतिक आपदाओं के कारण थराली-डुंगरी मोटरमार्ग कई स्थानों पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क पर कई स्थानों पर डेंजर जोन भी उभर आए हैं। इसके चलते सोलघाटी के करीब 16 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के सुधारीकरण का काम शुरू होने से ग्रामीणों को अब इसके जल्द बेहतर होने की उम्मीद जगी है।भूमिपूजन के बाद विधायक भूपाल राम टम्टा ने विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने डेंजर जोन वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को भी कहा।विधायक ने कहा कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित नंदादेवी राजजात के मद्देनजर थराली-डुंगरी मोटरमार्ग बेहद महत्वपूर्ण है। प्राकृतिक आपदाओं के कारण पिछले वर्षों में सड़क की स्थिति खराब हुई है। सरकार की ओर से सड़क सुधारीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसके लिए उन्होंने सरकार का आभार जताया।सड़क सुधारीकरण का कार्य शुरू होने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने विधायक और पीएमजीएसवाई विभाग का आभार जताया। इस मौके पर सोल संघर्ष समिति के अध्यक्ष चरण सिंह, भाजपा थराली मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बिष्ट, पूर्व मंडल अध्यक्ष नंदू बहुगुणा, जिपंस हरीश सोनियाल, ठेकेदार राकेश भारद्वाज, अनवीर चिनवान, सभासद दिवाकर नेगी, पीएमजीएसवाई कर्णप्रयाग के सहायक अभियंता धीरेन्द्र भंडारी और अवर अभियंता नवीन जोशी समेत कई लोग मौजूद रहे।
