उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
स्कूल-अस्पतालों में शुद्ध पानी सुनिश्चित करें अधिकारी : जिलाधिकारी।
जनपद में पेयजल की गुणवत्ता को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों, चिकित्सालयों, पुलिस चौकियों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर उन्हें दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी पेयजल की गुणवत्ता को लेकर समस्या सामने आती है, उसकी सूचना तत्काल जल संस्थान को दी जाए, ताकि समय रहते पानी के नमूने लेकर गुणवत्ता की जांच की जा सके।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सैंपलिंग के दौरान यदि पानी की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो उसके कारणों की विधिवत जांच और मॉनिटरिंग की जाए। साथ ही समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
नियमित जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने कहा कि पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने जल संस्थान को नियमित रूप से जल गुणवत्ता की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि पेयजल व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
