उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लि. की 35वीं वार्षिक सामान्य निकाय (AGM) की बैठक मालरोड स्थित होटल शिखर में आयोजित की गई। बैंक की अध्यक्षा डॉ. वसुधा पन्त की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में बैंक की ऐतिहासिक उपलब्धियों और भावी योजनाओं का ब्योरा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर बैंक प्रबंधन ने अपने अंशधारकों को 9% की दर से लाभांश देने की घोषणा की।
प्रबंध निदेशक पी.सी. तिवारी ने बैंक की वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि बैंक का कुल कार्य व्यवसाय 6,600 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है।
वित्तीय एवं परिचालन उपलब्धियां
बैंक का नेट एनपीए शून्य बना हुआ है, जो बैंक की मजबूत वित्तीय सेहत को दर्शाते हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में बैंक ने 49.54 करोड़ रुपये का सकल लाभ अर्जित किया और 14 करोड़ रुपये का अग्रिम आयकर जमा कराया। बैंक की अपनी निज पूंजी 725.85 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि भारतीय रिजर्व बैंक के पास बैंक की प्रतिभूतियों में 1,691.45 करोड़ रुपये विनियोजित हैं। इसके अलावा कुल ऋण आवंटन का लगभग 74.59% हिस्सा प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों को दिया गया है।
शाखा विस्तार और भविष्य के लक्ष्य
31 मार्च 2026 तक राज्य में बैंक की 65 शाखाएं कार्यरत थीं। हाल ही में दिनेशपुर, रामनगर रोड (काशीपुर), शिवालिक नगर (हरिद्वार) और मसूरी रोड (चम्बा) में 4 नई शाखाएं खोली गईं, जिससे कुल शाखाओं की संख्या 69 हो गई है। शीघ्र ही कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग, मियावाला (देहरादून), कनखल (हरिद्वार) और गोल मार्केट (देहरादून) में 5 नई शाखाएं खोली जा रही हैं, जिसके बाद शाखाओं की संख्या 74 हो जाएगी। बैंक ने वर्ष 2028 तक शाखाओं की संख्या 80 करने और कुल कार्य व्यवसाय को 8,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
जल्द शुरू होगी मोबाइल बैंकिंग सेवा
उत्तर भारत के सबसे बड़े सहकारी बैंक और भारतीय भुगतान निगम (NPCI) के प्रत्यक्ष सदस्य अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) से मोबाइल बैंकिंग की अनुमति प्राप्त हो गई है। प्रथम चरण में यह सुविधा बैंक कर्मचारियों को दी गई है और जल्द ही इसे सभी ग्राहकों के लिए शुरू किया जाएगा। वर्तमान में बैंक RTGS, NEFT, PFMS, IMPS Credit और ECS NACH जैसी आधुनिक डिजिटल सेवाएं प्रदान कर रहा है।बैठक के अंत में डॉ. वसुधा पन्त ने बैंक की प्रगति के लिए संचालक मंडल, कर्मचारियों, ग्राहकों, शासन, सहकारिता विभाग और RBI का आभार व्यक्त किया। बैठक में उपाध्यक्ष सदी राम आर्या, महाप्रबंधक भूपाल सिंह मेहता सहित संचालक मंडल के सदस्य व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
