उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
सर्वशक्ति सीएलएफ तुल्याड़ा’ के मल्ली में कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन भी किया
पीएम श्री राइका मातली में शिक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया
उत्तरकाशी। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने तीन दिवसीय जनपद दौरे के पहले दिन जिले के सामरिक और नागरिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्त्वपूर्ण हवाई पट्टी चिन्यालीसौड़ की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के जरूरी निर्देश दिए।चीन सीमा से निकटता के कारण यह हवाई पट्टी सीमांत क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के सामरिक संचालन को गति प्रदान करने के साथ–साथ आपातकालीन रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन एवं वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से महत्वपूर्ण है।मुख्य सचिव ने विकासखंड चिन्यालीसौड़ के अंतर्गत ग्राम मल्ली पहुंचकर ‘सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन ‘ तुल्याडा के कलेक्शन सेंटर का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं व लखपति दीदीयों से सीधा संवाद कर संचालित आजीविका गतिविधियों, उत्पादन कार्यों एवं अनुभवों की जानकारी ली। वर्धन ने महिला उद्यमियों के निर्मित उत्पादों का अवलोकन करते हुए उनके आर्थिक स्वावलंबन तथा सामाजिक सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।क्लस्टर से जुड़ी महिलाओं ने क्लस्टर द्वारा संचालित बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग फार्मिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पादों व अचार निर्माण जैसी बहुआयामी स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी दी। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत उपस्थित रहे।इसके बाद मुख्य सचिव ने विकासखंड डुंडा के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मातली का निरीक्षण कर कक्षाओं में पहुंचकर अध्ययनरत विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का निडरता से सामना करने, उच्च लक्ष्य निर्धारित करने और अनुशासित जीवन शैली अपनाकर सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य सचिव ने राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने मुख्य सचिव ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित तथा कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी राजीव, शुभम,गृह परीक्षा सत्र 2025-26 के उत्कृष्ट छात्र लविश एवं अस्मित को भी सम्मानित किया। हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर निधि भट्ट एवं अनुष्का को उन्होंने सम्मानित किया।इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, ईई सिंचाई सचिन सिंहल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
