उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
उत्तरकाशी। सड़क पर पहचान आपकी पट्टिका से नहीं, बल्कि आपके जिम्मेदार व्यवहार और नियमों के पालन से होती है। इसी जिम्मेदारी को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तरकाशी पुलिस ने जिलेभर में विशेष वाहन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन तथा निजी वाहनों पर अनावश्यक रूप से नाम, पदनाम, सरकारी पहचान व अन्य प्रभाव दर्शाने वाली पट्टिकाएं एवं चिन्ह लगाने वालों पर सख्ती बरतते हुए 38 वाहनों अनधिकृत नेम प्लेट हटाई।उच्च न्यायालय द्वारा निजी वाहनों पर अनधिकृत रूप से प्रदर्शित की जाने वाली नेम-प्लेट, पदनाम पट्टिकाओं एवं अन्य पहचान चिन्हों के संबंध में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में पुलिस ने जनपदभर में विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। जिले के समस्त कोतवाली एवं थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने निजी कार, जीप, मोटरसाइकिल व अन्य निजी वाहनों की सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान 38 निजी वाहनों पर प्रदर्शित अनधिकृत नेम-प्लेट, पदनाम पट्टिकाएं, सरकारी पदनाम व विशेष पहचान दर्शाने वाले स्टीकर, बोर्ड एवं अन्य चिन्हों को हटाकर जब्त किया गया।अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन स्वामियों को जागरूक करते हुए स्पष्ट किया कि निजी वाहनों पर बिना अधिकृत अनुमति किसी सरकारी पद, संस्था व विशेष पहचान को प्रदर्शित करने वाली पदनाम पट्टिका, बोर्ड एवं स्टीकर लगाया जाना नियमों के अनुरूप नहीं है। वाहन स्वामियों को ऐसे अनधिकृत चिन्ह तत्काल हटाकर भविष्य में यातायात और अन्य प्रचलित नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करना चाहिए।पुलिस ने कहा कि निजी वाहन पर अनावश्यक नाम-पदनाम लिखकर प्रभाव जमाने के बजाय यातायात नियमों का पालन करना ही जिम्मेदार नागरिक होने की पहचान है।
