
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सेवा और मानवता का निरन्तर उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। इसी क्रम में केदारनाथ धाम में तैनात जनपद की महिला फायरमैन प्रियंका और अमिता ने तत्परता एवं संवेदनशीलता का परिचय देते हुए चलने-फिरने में असमर्थ एक महिला तीर्थयात्री को दर्शन कराने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। आज दिनांक 08 अक्टूबर को केदारनाथ धाम में दर्शन हेतु पहुंची एक महिला श्रद्धालु का हाल ही में ऑपरेशन हुआ था, जिस कारण वे चलने-फिरने में पूरी तरह असमर्थ थीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और शारीरिक दिक्कतों की वजह से उनके लिए मुख्य मंदिर तक पहुंच पाना अत्यन्त कठिन हो रहा था।ड्यूटी पर तैनात महिला फायरमैन प्रियंका और अमिता ने जब महिला श्रद्धालु की यह परेशानी देखी, तो उन्होंने तुरन्त आगे बढ़कर उन्हें संभाला। दोनों महिला पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालु को अपने हाथों का सहारा दिया और अत्यन्त आत्मीयता व सुरक्षा के साथ मुख्य मंदिर प्रांगण तक ले जाकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कराए।दर्शन करने के उपरान्त महिला श्रद्धालु और उनके पति ने उत्तराखंड पुलिस का दिल से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऑपरेशन की वजह से चलना सम्भव नहीं था, लेकिन दोनों महिला कर्मियों ने जिस अपनेपन से सहारा देकर दर्शन कराए, वह अत्यन्त सराहनीय है। पुलिस के इस मानवीय सहयोग के बिना दर्शन कर पाना मुमकिन नहीं था।रुद्रप्रयाग पुलिस अपने सेवा भाव और “मित्रता, सेवा एवं सुरक्षा” के संकल्प के साथ चारधाम यात्रा पर आ रहे प्रत्येक श्रद्धालु की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा के लिए सदैव तत्पर है।

