
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तरकाशी,पुरोला, डुंडा और बडकोट में कैंडल मार्च के सात किया प्रदर्शन
उत्तरकाशी। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग मामले में नाम सामने आने वाले भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में उत्तरकाशी, पुरोला, डुंडा और बड़कोट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई।जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी की ओर से शहर के हनुमान चौक पर वरिष्ठ कांग्रेसजनों ने कैंडल मार्च निकाला। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता के माता-पिता की न्याय की मांग और मामले में उठाए जा रहे सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने हत्याकांड की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच करने, सभी सवालों के जवाब देने व दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। साथ ही दुष्यंत गौतम को राज्यपाल नियुक्त किए जाने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग भी उठाई। वहीं, पुरोला में प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार से बस स्टैंड तक कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग दोहराई गई। डुंडा बाजार में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एडवोकेट आनंद प्रकाश गौतम के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकालकर अंकिता को जल्द न्याय दिलाने की मांग की गई। बड़कोट में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर अंकिता को श्रद्धांजलि दी और न्याय की मांग उठाई। उत्तरकाशी में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कनकपाल सिंह परमार, आनंद सिंह पंवार, विजेंद्र नौटियाल, शीशपाल पोखरियाल सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे। पुरोला में नगर पालिका अध्यक्ष बिहारी लाल शाह, जिला अध्यक्ष दिनेश चौहान सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

