
उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल की मौजूदगी में पुलिस लाइन गोपेश्वर में हुआ कार्यक्रम, एसपी सुरजीत सिंह पंवार को मिला डीजीपी प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर)
चमोली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को चमोली पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। पुलिस लाइन गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल मौजूद रहे। इस दौरान उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक समेत तीन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक की ओर से प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया,कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया गया। देशी रियासतों के एकीकरण और अखंड भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय एकता के महत्व पर जोर दिया गया। डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल ने कहा कि राष्ट्रीय एकता का मतलब केवल देश की भौगोलिक सीमाओं की सुरक्षा नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता, विविधताओं का सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता भी है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से इन मूल्यों को अपने कार्य व्यवहार में उतारने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए तीन पुलिसकर्मियों को सम्मान
राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के दौरान सराहनीय सेवाओं और उत्कृष्ट कार्यों के लिए तीन पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क प्रदान की गई। इनमें पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार को सिल्वर डिस्क, उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह को गोल्ड डिस्क और मुख्य आरक्षी चंदन सिंह नगरकोटी को सिल्वर डिस्क से सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के बाद डीआईजी ने पुलिस लाइन, आवासीय परिसर और पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।इसके बाद पुलिस कार्यालय सभागार में पुलिसकर्मियों का सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें डीआईजी ने कहा कि पुलिस विभाग में सेवा करना गौरव और आत्मसम्मान का विषय है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों के प्रति जिम्मेदार रहते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही देश की आंतरिक सुरक्षा और आमजन के विश्वास को कायम रखने की भी है।इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट समेत जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

