
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
विकासखंड नारायणबगड़ में मंगलवार को दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला की ओर से किया गया, जिसमें क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं विकासखंड के कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान और दीपक वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दी गई। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने कहा कि दीपावली बुराई पर अच्छाई की जीत और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। मान्यता है कि 14 वर्ष का वनवास पूर्ण करने के बाद जब प्रभु श्रीराम अयोध्या लौटे थे, तब अयोध्यावासियों ने दीप जलाकर उनका भव्य स्वागत किया था। तभी से दीपावली का पर्व पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।उन्होंने बताया कि इस वर्ष नारायणबगड़ में आयोजित होने वाला उत्तरायणी मेला तीन दिवसीय होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में दो दिवसीय मेले के आयोजन के दौरान कई कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पर्याप्त समय और मंच नहीं मिल पाता था। इसी को ध्यान में रखते हुए मेले की अवधि बढ़ाकर तीन दिन करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगले वर्ष दीपावली मिलन समारोह को और अधिक भव्य एवं दिव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें क्षेत्र के स्थानीय लोक कलाकारों और लोक गायकों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिल सके।कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य कोठली वार्ड साक्षी नेगी, प्रधान संघ अध्यक्ष योगेंद्र सिंह खत्री, क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह रावत(दीपू), नीरज नेगी, विपिन परिहार, बीडीओ जितेंद्र सिंह, उर्मिला कंडारी, सुरेंद्र लाल, मोनू सती, सूरज रावत, रग्गी नेगी, देवेंद्र कोहली सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

