
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
चंबा। सरकार एक ओर जहां हर गांव को सड़क से जोड़ने की बात कर रही है, वहीं अभी तक काणीगाड़ गांव तक सड़क नहीं पहुंची है, जिस कारण ग्रामीणों को आज भी मीलों पैदल चलना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उनकी इस समस्या पर कार्यवाही नहीं होती है, तो फिर वे ओर आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार भी कर सकते हैं।विकासखंड चंबा के अंतर्गत दूरस्थ की ग्राम पंचायत बनाली के राजस्व गांव काणीगाड़ के लोग आज भी सड़क के इंतजार में हैं। दूसरे गांव जहां सड़क सुविधा से जुड़ गए हैं, वहीं यहां के लोग अभी भी मीलों पैदल चलने को मजबूर है। करीब पचास परिवारों के इस गांव की सुध लेने वाला कोई नहीं है। सड़क सुविधा न होने से सबसे अधिक परेशानी उस समय होती है, जब कोई बीमार होता है, या फिर सामान को गांव तक पहुंचाना पड़ता है। ज्येष्ठ उप प्रमुख संजय मैठाणी का कहना है कि इस समस्या को लेकर सम्बंधित विभाग और जिलाधिकारी को भी पत्र दिया गया है। अब ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि यदि उनकी इस समस्या के समाधान की कार्यवाही नहीं हुई तो वह आगामी विधानसभा चुनाव का बहिष्कार भी कर सकते हैं।

