
उत्तराखंड डेली न्यूज़:ब्योरो
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय की ओर से मुख्यालय में ‘सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पत्रकारों ने वर्तमान दौर में पत्रकारिता के सामने आ रही चुनौतियों, खबरों की प्रस्तुति और पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता में तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। गोष्ठी का उद्घाटन उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के जिलाध्यक्ष सिद्धांत उनियाल ने किया। इस दौरान पत्रकारों ने कहा कि मौजूदा दौर में खबरों को अधिक आकर्षक और सनसनीखेज बनाने की होड़ में कई बार भ्रामक एवं वास्तविकता से परे शीर्षकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाचार का शीर्षक उसकी वास्तविकता, गंभीरता और तथ्यों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि पाठकों और दर्शकों के बीच खबर को लेकर किसी तरह का भ्रम पैदा न हो। पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निष्पक्षता और तथ्यपरकता बेहद जरूरी है। यूनियन के जिलाध्यक्ष सिद्धांत उनियाल ने कहा कि पत्रकारिता केवल खबरों को प्रकाशित और प्रसारित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पत्रकारों का आमजन के बीच पहुंचना, उनकी समस्याओं को समझना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना भी आवश्यक है। पत्रकारों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जनता की आवाज बनना चाहिए।वहीं, जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने कहा कि वर्तमान समय में सूचनाओं का प्रसार बेहद तेजी से हो रहा है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी तथ्यात्मक पुष्टि करना जरूरी है, ताकि समाज तक सही और विश्वसनीय जानकारी पहुंच सके। गोष्ठी में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को बनाए रखने, जिम्मेदार समाचार प्रस्तुति और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

