
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
रामनगर (नैनीताल), 18 नवंबर 2026: उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। ताजा घटना रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज के अंतर्गत लाल पहाड़ी के समीप ग्रासलैंड क्षेत्र में सामने आई, जहां बाइक पर पीछे बैठी एक महिला पर बाघ ने अचानक हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर जा रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बाघ ने महिला को अपने जबड़ों में जकड़ लिया और जंगल की ओर घसीटना शुरू कर दिया।
अपनी पत्नी को बाघ के कब्जे में देखकर पति ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों के शोर और भीड़ को देखकर बाघ घायल महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया।घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, वन विभाग की टीम हमलावर बाघ की तलाश में जुटी है।इस घटना ने एक बार फिर रामनगर और आसपास के वन क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों तथा जंगल से गुजरने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग के सामने मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने और ग्रामीणों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने की चुनौती बनी हुई है।

