
उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो
पौड़ी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता श्रीमती सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन का समाचार सामने आने से क्षेत्र में शोक की लहर है। सावित्री देवी के निधन पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके समस्त परिवारजनों को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उनकी माता के निधन पर पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि मां का स्नेह, वात्सल्य और आशीर्वाद हर व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। उनका सानिध्य और आशीर्वाद व्यक्ति को जीवनभर संबल प्रदान करता है। मां का बिछुड़ना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के लिए यह अत्यंत दुखद घड़ी है। इस कठिन समय में समस्त संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं। विधायक ने मां गंगा से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पूरे परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करें।

