
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
पौड़ी। पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में आईएसएसए फाउंडेशन की ओर से संचालित उत्तरा केयर हॉस्पिटल में 23 नवंबर को निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में एएसजी आई हॉस्पिटल के अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ मरीजों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श देंगे। शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा।शिविर का उद्देश्य पौड़ी जनपद सहित आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराना है। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के बुजुर्गों और उन लोगों को इसका लाभ मिलेगा, जिन्हें आंखों की जांच और उपचार के लिए देहरादून अथवा अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है।शिविर में आंखों से कम दिखाई देना, आंखों से पानी आना, रात्रि में देखने में परेशानी, आंखों का बार-बार लाल होना, सिरदर्द, आंखों का टेढ़ापन, मोतियाबिंद और पलकों से संबंधित समस्याओं की जांच की जाएगी। इसके अलावा चश्मे का नंबर, आंखों के पर्दे और रेटिना से जुड़ी बीमारियों के संबंध में भी विशेषज्ञ चिकित्सक परामर्श देंगे। मरीजों को उनकी समस्या के अनुसार उपलब्ध उपचार विकल्पों की जानकारी भी दी जाएगी।आईएसएसए फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक इंदरजीत सिंह नेगी के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक डॉ. विनोद तोलिया के नेतृत्व में अस्पताल की ओर से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों के सहयोग से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आर्थिक और भौगोलिक चुनौतियों के कारण विशेषज्ञ उपचार से वंचित रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।

