
उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
श्री राज राजेश्वरी क्रिकेट (RCC) टूर्नामेंट कांसुवा के छठे दिन क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला। दिनभर में दो मुकाबले खेले गए, जिनमें चार टीमों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।पहला मुकाबला पंडाव ए और पज्याना एकादश के बीच खेला गया। इसमें पंडाव ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 154 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में पज्याना एकादश की टीम 80 रन पर ही सिमट गई। इस तरह पंडाव ए ने शानदार जीत दर्ज की।दूसरा मुकाबला बिनसर महादेव एगड और खेत गदेरा टीम के बीच हुआ। खेत गदेरा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 118 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिनसर महादेव एगड की टीम मात्र 49 रन ही बना सकी। खेत गदेरा ने मुकाबला अपने नाम किया। इस मैच में खेत गदेरा के सूरज नेगी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 26 रन बनाने के साथ दो विकेट भी हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष विजय सिंह रावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल को आपसी भाईचारे, सौहार्द और सहयोग की भावना से खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस तरह के टूर्नामेंट युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं और खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस दौरान कमेटी की ओर से समाजसेवी रामी लाल एवं समाजसेवी राकेश कुंवर को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मां नंदा स्थली महिला मंगल दल कांसुवा, नवयुवक मंगल दल कांसुवा, कमेटी सचिव वीरेंद्र सिंह रावत, अंपायर मनोज कोहली, सुमित चौहान, साहिल, मनवर सिंह रावत, लक्ष्मण सिंह कुंवर सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं दर्शक मौजूद रहे।

