उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
देहरादून जल प्रलय में अपना सबकुछ गंवा देने वालों पीड़ितों के साथ भद्दा मजाक हुआ है। आर्थिक मदद के नाम पर बांटे गए चेक गलत निकले। जिसके बाद बैंक ने पीड़ितों को चेक वापस कर दिए।देहरादून में बीते दिनों आई भीषण आपदा में मरने वालों की संख्या 27 हो गई है। कई लोगों ने अपनों को खोया तो किसी ने अपना रोजगार और सपनों को अपने सामने खत्म होते देखा। जल त्रासदी के पीड़ितों के साथ पहले प्रकृति ने बेरुखी दिखाई अब सरकार ने। आपदा प्रभावितों को आर्थिक मदद के तौर पर बांटे गए चेक में नाम गलत या अधूरे निकले। ऐसे में बैंकों ने भुगतान नहीं किया और चेक लौटा दिए। लिहाजा, अफसरों की कोताही आपदा प्रभावितों ने भुगती। हालांकि, यह मामला संज्ञान में आने के बाद प्रशासन ने नए चेक जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।दरअसल, 15 सितंबर को सहस्रधारा और मालदेवता में अतिवृष्टि से भारी नुकसान हुआ था। इसके बाद सरकार ने प्रभावितों की आर्थिक सहायता के निर्देश दिए थे। प्रशासन ने सूची बनाकर 1152 लोगों को कुल 1.21 करोड़ रुपये के चेक बांटे। 975 चेक अहैतुक राशि के थे। 35 भवन पूर्ण क्षतिग्रस्त, 65 आंशिक क्षतिग्रस्त पक्के भवन, 27 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे भवन, 2 अनुग्रह राशि और 45 कृषि अनुदान के लाभार्थी भी शामिल हैं।
