उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

हिमालयी राज्य उत्तराखंड में सितंबर को जमकर वर्षा हुई। मानसून विदा हो चुका है, लेकिन आईएमडी की भविष्यवाणी है कि अक्टूबर भी भिगोएगा। आज भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की आशंका।उत्तराखंड में सितंबर के महीने में बादल जमकर बरसे। प्रदेशभर में सामान्य (182.4 एमएम) से 40 फीसदी ज्यादा यानी 255.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। हालांकि, आखिरी हफ्ते में मानसून की विदाई के चलते कई जगह धूप खिली और इस अवधि में सामान्य से 31 फीसदी कम बारिश हुई।मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, बुधवार को नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।उत्तराखंड के 11 जिलों में सितंबर में सामान्य से ज्यादा बारिश देखी गई। पौड़ी में सामान्य से 45 फीसदी और रुद्रप्रयाग में 12 फीसदी कम बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, सितंबर में बागेश्वर में सबसे ज्यादा बारिश हुई। यहां सामान्य से 262 फीसदी ज्यादा यानी 470.8 एमएम, देहरादून में सामान्य से 108 फीसदी ज्यादा यानी 452.9 एमएम बारिश दर्ज की गई।
सितंबर में अगस्त से एक फीसदी ज्यादा बारिश
इस साल मानसून सीजन में जून-जुलाई में सामान्य से कम बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, जून और जुलाई में प्रदेशभर में मानसून की बारिश सामान्य (594.6 एमएम) से एक फीसदी कम यानी 590.6 एमएम हुई। अगस्त में सामान्य (350.2 एमएम) के मुकाबले 39 फीसदी ज्यादा यानी 487 एमएम बारिश दर्ज की, जो सितंबर की अपेक्षा एक फीसदी कम है।
