उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो

नेपाल में हिंसा और आगजनी की घटनाओं को देखते हुए सीमांत राज्यों में चौकसी बढ़ा दी गई है। घुसपैठियों पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। सीएम धामी ने एसएसबी अधिकारियों संग बैठक की।नेपाल में भारी हिंसा और आगजनी के बाद हिंसा की लपटें भारत तक पहुंच गई हैं। पड़ोस में मची उथल-पुथल के बाद सीमांत राज्यों में चौकसी बढ़ा दी गई है। यूपी में अधिकारियों ने सीमाओं पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देर रात राज्य के तीन सीमांत जिलों चंपावत, पिथौरागढ़ और उधमसिंह नगर के लिए पुलिस और एसएसबी संग अहम बैठक की। सीएम ने अधिकारियों को सीमा पर खास नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही बॉर्डर पर असामाजिक और उत्पादी तत्वों को पकड़ने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा।मुख्यमंत्री आवास से रात में वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए उच्चस्तरीय बैठक में धामी ने उत्तराखंड की नेपाल से सटी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर सुरक्षा को लेकर संपूर्ण स्थिति की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नेपाल सीमा पर सघन जांच अभियान चलाए जाएं और वहां किसी भी असामाजिक या उत्पाती तत्व की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए।सोशल मीडिया की भी निगरानी के निर्देश,बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया की सतत निगरानी करने पर जोर देते हुए कहा कि अफवाह, भ्रामक सूचना या उकसाने वाली सामग्री पर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। साथ ही, जिला प्रशासन और पुलिस को केंद्रीय एजेंसियों तथा एसएसबी के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए। धामी ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों, ग्राम समितियों, पुलिस और वन विभाग को मिलाकर सामूहिक निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए। उन्होंने सीमा से लगे प्रवेश मार्गों पर नियमित चौकसी और सीमा पार से होने वाले आवागमन पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की सुरक्षा संबंधी गाइडलाइन का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के आदेश भी दिए। बैठक में सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा चुनौतियों, खुफिया सूचना तंत्र की मजबूती, सामुदायिक भागीदारी और केंद्रीय एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
