उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। कड़ाके की ठंड पड़ेगी और सुबह-शाम घुप कोहरा रहेगा। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के मैदानी इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे ठंड और कोहरे को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है।IMD के मुताबिक देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और आसपास के मैदानी जिलों में सुबह के वक्त दृश्यता काफी कम रह सकती है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।राजधानी देहरादून में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। पर्वतीय जिलों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। फिलहाल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश या बर्फबारी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। दून विश्वविद्यालय के पर्यावरण और मौसम विशेषज्ञों के अनुसार रात में हवा की गति कम रहने और बादलों की मौजूदगी के कारण ठंड और कोहरे का असर ज्यादा महसूस हो रहा है। यही वजह है कि सुबह के समय कोहरा लंबे समय तक बना रह सकता है।येलो अलर्ट के मद्देनज़र मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सुबह के समय कोहरे में सावधानी बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम विभाग का कहना है कि यदि मौजूदा हालात बने रहे तो आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का प्रभाव और बढ़ सकता है।
