उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो

फोटो….8 किलोमीटर और 16 किलोमीटर की रेंज वाले सायरन प्राकृतिक आपदाओं के समय हमें अलर्ट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डालनवाला थाने में स्थापित 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पहाड़ी राज्य होने के कारण उत्तराखंड में आपदाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं उत्तराखंड को समय-समय पर चुनौती देती रहती हैं।कहा कि इस वर्ष भी उत्तराखंड को कई भीषण आपदाओं का सामना करना पड़ा। हमारी सरकार इन आपदाओं से होने वाली क्षति को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हम राज्य में आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। कहा कि आपदा प्रबंधन प्रणाली को सशक्त बनाने की दिशा में उत्तराखण्ड पुलिस का एक और महत्वपूर्ण कदम है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को थाना डालनवाला, देहरादून परिसर में स्थापित किए गए 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का विधिवत लोकार्पण किया। सीएम धामी ने कहा कि यह पहल राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड एक आपदा संभावित राज्य है, जहां समय रहते सतर्कता और सूचना प्रसारण अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह अत्याधुनिक सायरन प्रणाली अत्यंत उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, और तकनीक के माध्यम से पुलिस एवं आपदा प्रबंधन विभाग को सशक्त बनाया जा रहा है। कहा कि धराली के बाद आपदा कहर प्रदेश में जारी है। पुरोला में अतिवृष्टि हुई जिससे काफी मलबा आया है। पौड़ी के गांव, चमोली, रुदप्रयाग, मुन्यासरी,घनसाली में भी अतिवृष्टि व आपदा से नुकसान हुआ। मैदानी क्षेत्र में जलभराव हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 8 किलोमीटर और 16 किलोमीटर की रेंज वाले ये सायरन न केवल प्राकृतिक आपदाओं के समय हमें अलर्ट करेंगे, बल्कि नागरिक सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद उपयोगी होंगे। यदि समय रहते लोगों को चेतावनी मिल जाए, तो न केवल जानमाल की हानि को कम किया जा सकता है, बल्कि आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य भी अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किए जा सकते हैं। ये सायरन भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों और आपदा संभावित इलाकों में स्थापित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाए तथा आम जनता को इसके बारे में जागरूक किया जाए, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में इसकी अधिकतम उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके। वहीं, मुख्यमंत्री ने डालनवाला थाने में स्थापित बाल थाने का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत पुलिस कार्मिकों, उत्तराखंड पीसीएस एसोसिएशन तथा उत्तराखंड पुलिस के अधिकारियों तथा कार्मिकों द्वारा मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में सहायता राशि के चेक मुख्यमंत्री धामी को सौंपे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घंटाघर के सौंदर्यीकरण के काम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ , डीएम सविन बंसल, भाजपा नेता अशोक वर्मा, आदि मौजूद थे। — पुलिस ने रूट डायवर्ट किया, शहर में जाम लगा मुख्यमंत्री के दौरे के कारण शहर में सुरक्षा कड़ी की गई थी। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के आसपास ट्रैफिक को रोक दिया था जिसके चलते शाम को जाम लग गया। रायपुर से आने वाले वाहनों को सहसत्रधारा रोड और कर्जन रोड पर मोड़ दिया। सर्वे चौक से घंटाघर जाने वाले मार्ग को जीरो जोन कर दिया। ईसी रोड से आने वाले वाहनों को क्रास रोड भेजा गया। इसके चलते वाहनों की कतारें लग गईं। लोगों को जाम में फंसना पड़ा। समाजसेवी यशवीर आर्य ने बताया कि वह कार से बिंदाल की ओर निकले और एकघंटे तक जाम में फंसे रहे। कहा कि सहारनपुर चौक, राजपुर रोड तक जाम रहा जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
