उत्तराखंड डेली न्यूज़ :ब्योरो

यूकेएसएसएससी एग्जाम से ठीक पहले उत्तराखंड पुलिस ने कुख्यात नकल माफिया हाकम सिंह को गिरफ्तार किया है। उस पर अभ्यर्थियों से पेपर लीक के लिए 15-15 लाख रुपए मांगने का आरोप है।देहरादून पुलिस और एसटीएफ ने सरकारी भर्ती में पास कराने का लालच देकर ठगी करने के प्रयास में पूर्व जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार होने वाला हाकम सिंह कुख्यात नकल माफिया है। पेपर लीक प्रकरण में पुलिस ने इसे 2021 में गिरफ्तार किया था, वह हिमाचल भागने की फिराक में था। दो साल बाद यह फिर हत्थे चढ़ा है। इसने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की परीक्षा का प्रश्न पत्र दिलाने का प्रलोभन देकर छह अभ्यर्थियों से 12 से 15 लाख मांगे थे। लिहाजा, दोनों आरोपियों के खिलाफ पटेलनगर थाने में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।शनिवार को एसटीएफ कार्यालय में हुई प्रेसवार्ता में एसएसपी अजय सिंह और एसटीएफ के एसएसपी नवनीत भुल्लर ने यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि रविवार को यूकेएसएसएससी की भर्ती परीक्षा होनी है। इसे देखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर है। दो दिन पहले सूचना मिली कि कुछ लोग गिरोह बनाकर अभ्यर्थियों को ठगने की कोशिश कर रहे हैं। सर्विलांस जांच में हाकम सिंह पुत्र केदार सिंह निवासी निवाड़ी मोरी उत्तरकाशी से पंकज गौड़ पुत्र केशवानंद निवासी कंडारी नौगांव बड़कोट उत्तरकाशी के संपर्क की जानकारी मिली। पंकज खुद अभ्यर्थी है। पुलिस को पंकज की 15 मिनट की कॉल डिटेल मिली, जिसमें वो अभ्यर्थियों को प्रलोभन देता सुनाई दे रहा है। दोनों को पटेलनगर से पकड़ा गया।
