उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

पिथौरागढ़। पहली बार अस्तित्व में आए नगर निगम के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम को अटल निर्मल नगर पुरस्कार मिला है। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मेयर कल्पना देवलाल को सम्मानित कर 25 लाख की पुरस्कार राशि का चेक दिया।मेयर ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत पिछले दिनों केंद्र सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने निर्धारित मानकों के आधार पर नगर निगम का स्वच्छता सर्वेक्षण किया था। उन्होंने बताया कि नगर निगम श्रेणी में पिथौरागढ़ नगर निगम को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। प्रदेश के सभी निकायों में नगर निगम पांचवें स्थान पर रहा है।मेयर ने कहा कि नगर के लोगों के साथ ही निगम के पर्यावरण मित्रों और कर्मचारियों के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है। इसके तहत नगर निगम को अटल निर्मल नगर निगम का पुरस्कार मिला है। बुधवार को देहरादून के मुख्य सेवक सदन में हुए कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मेयर कल्पना देवलाल को सम्मानित किया। इस उपलब्धि से निगम कर्मियों के साथ ही नगर के लोगों में खुशी है।
