उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

एमडीडीए की टीम ने सेलाकुई में की कार्रवाईविकासनगर। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने सेलाकुई में बिहाइव कॉलेज रोड पर अवैध रूप से बनाए जा रहे व्यावसायिक और आवासीय भवन को सील कर दिया। निर्माणकर्ता को दोबारा कार्य शुरू करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। एमडीडीए ने पछवादून क्षेत्र में एक बार फिर से अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राधिकरण के पीठासीन अधिकारी विनोद कुमार को सेलाकुई में अवैध रूप से भवन के निर्माण की शिकायत मिली थी। उन्होंने प्राधिकरण को जांच के लिए पत्र लिखा था। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश पर मंगलवार को सहायक अभियंता शशांक सक्सेना टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन भवन के दोनों तलों को सील कर दिया। भवन में नीचे दुकान और ऊपर आवासीय भवन का निर्माण किया जा रहा था। निर्माणकर्ता ने भवन का नक्शा पास नहीं कराया था। उपाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
