उत्तराखंड डेली न्यूज:ब्योरो

पीपल पड़ाव रेंज में वन माफिया ने बुधवार रात 14 सागौन के हरे पेड़ काटकर वन विभाग की टीम पर हवाई फायरिंग की और मौके पर ‘अभी तो यह ट्रेलर है’ लिखकर प्रशासन को बड़ी चुनौती दे गए, जिसके बाद 3 नामजद समेत 15 लोगों पर FIR दर्ज की गई है।उत्तराखंड के पीपल पड़ाव रेंज में वन माफिया ने बुधवार रात सागौन के 14 हरे पेड़ काट डाले। मौके पर पंहुची वन विभाग की टीम पर हवाई फायरिंग करते हुए आरोपी फरार हो गए। वहीं जाने से पहले पेड़ के कटे ठूंठ पर अभी तो यह ट्रेलर है लिखकर आरोपी विभाग को खुली चुनौती दे गए। इधर, वन विभाग ने तीन नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है।बीते बुधवार रात पीपल पड़ाव रेंज के अंर्तगत प्लॉट संख्या 40 में वन माफिया ने सागौन के 14 हरे पेड़ काट डाले। इन पेड़ों की गोलाई 4 से 6 फीट की है। यह घटना पीपल पड़ाव रेंज ऑफिस से करीब 1.5 किमी दूर की है। तड़तड़ाकर गिर रहे पेड़ों की आवाज जंगल में गूंजी तो आरओ पूरन चंद्र जोशी टीम के साथ मौके पर पंहुचे। वनकर्मियों को अपनी ओर आता देख लकड़ी माफिया हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते कटे पेड़ों के ठूंठ में अभी तो यह ट्रेलर है, लिख गए। आरओ जोशी ने बताया कि वन विभाग द्वारा लकड़ी तस्करों पर की जा रही सख्ती के बाद यह द्वेष भावना में किया गया कृत्य है। फिलहाल तीन नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ गदरपुर थाने में तहरीर दी गई है।पीपल पड़ाव रेंज में आए दिन पेड़ों को काटकर ले जाने के मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन इस बार जंगल में ही वन तस्करों ने वन विभाग को खुली चुनौती दे डाली। काटे गए पेड़ों के ठूंठ पर वन तस्करों ने वन बीट वाचर अनिल का भी नाम लिखा है। साथ ही लिखा है कि अनिल भाई अगली बार पचास। वहीं इस घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी भले ही कह रहे हों कि वन माफिया के खिलाफ हो रही सख्ती के बाद द्वेष में यह काम किया गया हो, लेकिन यह विभाग के लिए खुली चुनौती से कम नहीं है। पीपल पड़ाव रेंज से लकड़ी तस्करी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। खास बात यह है कि इन सभी घटनाओं में तस्कर मौके से फरार हो गए। 7 सितंबर 2024 को सागौन के 10 लट्ठे, 10 सितंबर को 49 खैर के गिल्टे बरामद किए गए। 16 मई 2025 में शीशम और सागौन के गिल्टे हरिपुरा जलाशय से बरामद किए गए। 24 मई को विभाग की टीम ने हरिपुरा जलाशय के समीप खैर के 70 गिल्टे बरामद किए। 29 मई को जंगल से नाव द्वारा खैर की तस्करी करके लाए गए 15 गिल्टे जब्त किए।
