उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो

उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम दर्शन के लिए सरकार खास योजना ला रही है। हल्द्वानी से कैंची धाम की हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी है। महज 1000 रुपए खर्च करके तीन मिनट के अंदर धाम पहुंचा जा सकेगा।विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम के दर्शन अब तीन मिनट के अंदर हो सकेंगे। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार खास योजना की तैयारी कर रही है। हल्द्वानी से हवाई सफर के जरिए सीधे कैंची धाम पहुंचा जा सकेगा। किराया भी लगभग तय हो चुका है।दरअसल, कुमाऊं में हवाई सेवा का मजबूत सर्किट तैयार हो चुका है। हल्द्वानी से रोजाना करीब 150 यात्री पिथौरागढ़, मुनस्यारी, अल्मोड़ा, चम्पावत, बागेश्वर का सफर कर रहे हैं। हेली सेवा दे रही हेरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने अब हल्द्वानी से भवाली स्थित कैंची धाम की हवाई यात्रा सिर्फ तीन मिनट में कराने की तैयारी शुरू कर दी है।इतना हो सकता है किराया
हेरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के बेस मैनेजर रवींद्र सिंह ने बताया कि कैंची धाम को लेकर सबसे अधिक डिमांड आ रही हैं। जिला प्रशासन से कैंची में हेलीपैड की जगह मांगी गई है। मंजूरी मिलते ही शटल सेवा की तरह हवाई यात्रियों को सिर्फ तीन मिनट के हवाई सफर से कैंची धाम के दर्शन कराने की योजना है। इस नए हवाई रूट का किराया 1000 रुपये के आसपास रह सकता है। इस संबंध में कंपनी प्रबंधन और प्रदेश सरकार के बीच वार्ता में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
पिथौरागढ़-धारचूला के बीच भी नया सर्किट
इसी क्रम में पिथौरागढ़-धारचूला के बीच भी नया सर्किट बनाकर हवाई सेवा से जोड़ा जाएगा। गढ़वाल में चारधाम हवाई यात्रा के बाद कुमाऊं में भी हेली सेवा को लेकर लोगों में उत्साह है। यही वजह है कि 24 जनवरी 2024 से शुरू हुई हल्द्वानी-पिथौरागढ़ सेवा के बाद बुधवार से अन्य जिलों को भी हवाई सर्किट से जोड़ दिया है। सिर्फ 18 माह के भीतर यात्रियों का उत्साह इस कदर बढ़ता जा रहा है कि कुमाऊं के कुल 14 सर्किट में चल रही हेली सेवाओं में 80 से 90 प्रतिशत सीटें भर जा रही हैं।
