उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

जल्द ही राज्य में पहली बार व्हाइट टाइगर के दीदार हो सकेंगे. ओडिशा ने उत्तराखंड को व्हाइट टाइगर देने पर सहमति जता दी है.देहरादून:उत्तराखंड में व्हाइट टाइगर को लेकर एक अच्छी खबर आई है. लंबे प्रयासों के बाद ओडिशा ने उत्तराखंड को व्हाइट टाइगर देने पर सहमति जाता दी है. खास बात यह है कि दोनों प्रदेशों के बीच वन्यजीवों को लेकर एक्सचेंज प्लान को तय किया गया है, जिसके आधार पर राज्य को व्हाइट टाइगर के रूप में एक नया मेहमान जल्द मिलने की उम्मीद लगाई जा रही है.एक बड़ी पहल अब पूरी होने के कगार पर:उत्तराखंड में लंबे समय से चल रही एक बड़ी पहल अब पूरी होने के कगार पर है. जल्द ही राज्य में पहली बार व्हाइट टाइगर के दीदार हो सकेंगे. वन विभाग की वर्षों की मेहनत और लगातार होते संवाद के बाद ओडिशा सरकार ने अंततः उत्तराखंड को व्हाइट टाइगर देने पर सहमति जता दी है. यह पहल न सिर्फ प्रदेश के वन्यजीव संरक्षण को नई दिशा देगी, बल्कि यहां आने वाले पर्यटकों के लिए भी यह एक बड़ा आकर्षण साबित होगी.ओडिशा को दो रेड पांडा और गुरल पक्षी का एक जोड़ा दिया जाएगा: उत्तराखंड और ओडिशा के बीच वन्यजीवों के आदान-प्रदान का प्रस्ताव लगभग अंतिम चरण में है. समझौते के तहत उत्तराखंड, उड़ीसा को दो रेड पांडा और गुरल पक्षी का एक जोड़ा देगा. नैनीताल चिड़ियाघर में मौजूद रेड पांडा में से एक जोड़ा इस प्रक्रिया के पूर्ण होने पर उड़ीसा भेजा जाएगा. वहीं उड़ीसा, उत्तराखंड को एक व्हाइट टाइगर उपलब्ध कराएगा, जिसकी प्रतीक्षा वर्षों से की जा रही थी.ओडिशा की सहमति न मिलने के कारण प्रक्रिया लंबित थी: देहरादून जू में व्हाइट टाइगर लाने की कवायद काफी समय से चल रही थी, लेकिन ओडिशाकी सहमति न मिलने के कारण प्रक्रिया लंबित थी. अब स्थिति सकारात्मक है और दोनों राज्यों ने पत्राचार के माध्यम से एक्सचेंज प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है. इस पूरी प्रक्रिया में केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण की सहमति भी ली जा रही है, ताकि वन्यजीवों का स्थानांतरण नियमों के अनुरूप किया जा सके.ओडिशा की ओर से आधिकारिक पत्र प्राप्त हो चुका है और जल्द ही व्हाइट टाइगर उत्तराखंड लाने की प्रक्रिया सार्वजनिक की जाएगी. वन विभाग लंबे समय से इस दिशा में प्रयासरत था और अब परिणाम सकारात्मक रूप में सामने आ रहा है.-आरके मिश्रा, पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ, उत्तराखंड वन विभाग-देहरादून जू में व्हाइट टाइगर के लिए विशेष बाड़े का काम आगे बढ़ाया जा रहा है. वर्तमान में जू में दो बंगाल टाइगर, दो गुलदार और एक रेस्क्यू भालू मौजूद हैं. भालू को फिलहाल डिस्प्ले में नहीं रखा गया है. क्योंकि इसके लिए CZA से अनुमति लंबित है.दो बंगाल टाइगर आने के बाद देहरादून जू में पर्यटकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी. ऐसे में माना जा रहा है कि व्हाइट टाइगर के आगमन से जू का आकर्षण कई गुना बढ़ जाएगा और पर्यटक संख्या में और बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है.व्हाइट टाइगर की प्रतीक्षा अब लगभग समाप्त होने वाली है, और जल्द ही उत्तराखंड के पर्यटक इस दुर्लभ और खूबसूरत प्रजाति को करीब से देख सकेंगे.
