उत्तराखंड डेली न्यूज़:ब्योरो
*2 मार्च से शुरू हुए इस अभियान में पहले सप्ताह में अब तक 13 गांवों में रात्रि प्रवास व रात्रि चौपाल के लिए पहुंची है रुद्रप्रयाग पुलिस।*
एसपी रुद्रप्रयाग ने दूसरे सप्ताह के लिए यानि आज से अगले 7 दिनों के लिए अभियान प्रहरी पड़ाव हेतु 14 गांवों में चौपाल आयोजित किये जाने का रोस्टर किया है जारी, इस सप्ताह एक गांव में पुलिस उपाधीक्षक भी करेंगे रात्रि चौपाल की अध्यक्षता।*जनपद रुद्रप्रयाग में पुलिस और जनता के बीच की दूरी को मिटाने और आपसी सामंजस्य को एक नई ऊंचाई देने के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री नीहारिका तोमर की अभिनव पहल “अभियान प्रहरी पड़ाव” धरातल पर बेहद प्रभावी सिद्ध हो रही है। 2 मार्च 2026 से शुरू हुआ यह अभियान 15 अप्रैल 2026 तक अपने प्रथम चरण में पूरे जनपद के अधिकांश क्षेत्र को कवर करेगा। इस मुहिम की सबसे अनूठी विशेषता यह है कि पुलिस टीमें केवल औपचारिक संवाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे गांवों में ही रात्रि प्रवास कर रही हैं ताकि ग्रामीणों की जीवनशैली और उनकी सुरक्षा सम्बन्धी चुनौतियों को करीब से समझा जा सके।
*जन-संवाद का नया अध्याय – मैखण्डा और बष्टी में सजी चौपाल*
अभियान के सातवें दिन, रविवार 8 मार्च 2026 की रात रुद्रप्रयाग पुलिस ने अपनी 12वीं और 13वीं चौपाल क्रमशः चौकी फाटा के मैखण्डा और चौकी बसुकेदार के बष्टी गांव में आयोजित की। इन कार्यक्रमों में स्थानीय महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भारी संख्या में भाग लिया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि जनता खाकी के इस अपनेपन का स्वागत कर रही है।सामाजिक सुरक्षा और साइबर जागरुकता के प्रमुख बिंदु -चौपालों के माध्यम से पुलिस टीम ने ग्रामीणों को आधुनिक अपराधों और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सशक्त बनाया।महिला व बाल सुरक्षा – ग्रामीणों को शगौरा शक्ति एप और हेल्पलाइन नंबर 1098 की उपयोगिता समझाई गई। साथ ही घरेलू हिंसा और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के विरुद्ध एकजुट होने का आह्वान किया गया।नशा मुक्त देवभूमि – मादक पदार्थों की तस्करी को जड़ से मिटाने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की गई और संदिग्ध गतिविधियों की गोपनीय सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। साइबर सुरक्षा हेतु साइबर मित्र – डिजिटल ठगी के दौर में त्वरित सहायता के लिए प्रत्येक क्षेत्र में एक साइबर मित्र (विशेषज्ञ आरक्षी) नामित किया गया है। ग्रामीणों को उनका सम्पर्क नम्बर साझा किया गया ताकि तकनीकी सहायता तुरन्त मिल सके।सुरक्षा व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण – पुलिस ने गांवों की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए स्मार्ट सुरक्षा का मंत्र दिया। ग्रामीणों को गांव के प्रवेश और निकास मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। इसके अतिरिक्त, पुरानी ग्राम सुरक्षा समितियों का पुनर्गठन कर ग्राम चौकीदारों को और अधिक सक्रिय भूमिका में लाने पर बल दिया गया।विश्वास का सेतु – रुद्रप्रयाग पुलिस की इस पहल की हर ओर सराहना हो रही है। रात्रि प्रवास के दौरान अधिकारियों द्वारा बुजुर्गों का कुशल-क्षेम पूछना और उनके साथ समय बिताना जनता के मन में पुलिस के प्रति विश्वास को और अधिक गहरा कर रहा है।द्वितीय सप्ताह का रोस्टर हुआ जारी – अभियान प्रहरी पड़ाव के दूसरे सप्ताह यानि आज से आगामी 7 दिनों के लिए 14 गांवों में रात्रि चौपाल एवं रात्रि प्रवास का रोस्टर जारी कर सम्बन्धित कोतवाली/चौकियों को भेजा गया है, इस दौरान किसी गांव में क्षेत्राधिकारी गुप्तकाशी भी रात्रि चौपाल की अध्यक्षता कर सम्बन्धित गांव में अपनी टीम के साथ रात्रि प्रवास करेंगे।
