उत्तराखंड डेली न्यूज़ :ब्योरो

तैयारी: अगले सत्र से राज्य के 13 आईटीआई में नए पाठ्यक्रम होंगे शुरू मैकेनिक इलेक्ट्रिक वाहन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स सहित आठ एडवांस पाठ्यक्रम तैयार हल्द्वानी। उत्तराखंड के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में अगले शैक्षणिक सत्र से तकनीकी शिक्षा में बड़ा बदलाव दिखाई देगा। राज्य के 13 निर्माणाधीन स्मार्ट आईटीआई में आठ नए और एडवांस पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई जैसे होंगे। उद्योगों में युवाओं की बढ़ती मांग को देखते हुए ये कोर्स डिज़ाइन किए गए हैं। अफसरों का कहना है इससे युवाओं को नई तकनीक की पढ़ाई के साथ आसानी से रोजगार मिल सकेगा। अपर निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया अगले साल से नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।ये पाठ्यक्रम शुरू होंगे मैकेनिक इलेक्ट्रिक वाहन, एडवांस सीएनसी मशीनिंग, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स और डिजिटल मैन्युफैक्चरिंग, बेसिक डिजाइनर और वर्चुअल मैन्युफैक्चरिंग, प्रोसेस कंट्रोल और ऑटोमेशन, आर्टिशन यूजिंग एडवांस टूल्स, कंप्यूटर एडेड मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्रामर, इंडस्ट्रियल इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईआईओटी) तकनीशियन आदि। यहां होगी पढ़ाई देहरादून में निरंजनुपर, हरिद्वार में जगदीशपुर, पिरान कलियर, टिहरी में चंबा, उत्तरकाशी में बड़कोट, चमोली में गोपेश्वर, ऊधमसिंह नगर में काशीपुर और सितारगंज, नैनीताल में कालाढूंगी और हल्द्वानी, चम्पावत, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ निर्माणाधीन स्मार्ट आईटीआई में ये पाठ्यक्रम शुरू होंगे।
