उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो
उत्तराखंड शासन ने 28 मार्च 2026 को रात 8:30 से 9:30 बजे तक ‘अर्थ ऑवर’ मनाने का निर्णय लिया है।पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तराखंड शासन ने 28 मार्च 2026 शनिवार को ‘अर्थ ऑवर (Earth Hour)’ मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर प्रदेशभर में रात 8:30 बजे से लेकर 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइटें एवं विद्युत उपकरण बंद रखने की अपील की गई है।सरकार का यह कदम न केवल ऊर्जा की बचत को बढ़ावा देगा, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करेगा। ‘अर्थ ऑवर’ एक वैश्विक अभियान है, जिसमें दुनियाभर के लोग जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता दिखाने के लिए स्वेच्छा से एक घंटे तक बिजली का सीमित उपयोग करते हैं।यह कार्यक्रम WWF इंडिया, नई दिल्ली के पत्र के क्रम में आयोजित किया जा रहा है। इसके माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का संदेश दिया जा रहा है।शासन ने प्रदेश के सभी नागरिकों, संस्थानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और सरकारी कार्यालयों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया है। निर्धारित समयावधि के दौरान एक घंटे के लिए गैर-जरूरी विद्युत उपकरणों को बंद रखकर इस वैश्विक पहल को सफल बनाने की अपील की गई है।विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के छोटे-छोटे प्रयास ऊर्जा संरक्षण की दिशा में बड़े बदलाव ला सकते हैं और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने में सहायक सिद्ध हो सकते हैं।
