उत्तराखंड डेली न्यूज :ब्योरो

जिला प्रशासन की जांच में गंभीर अनियमितताएं उजागर होने के बाद शासन ने ऋषिकेश के उप निबंधक हरीश कुमार को निलंबित कर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी सविन बसंल के औचक निरीक्षण के बाद की गई।ऋषिकेश के उप निबंधक हरीश कुमार को जिला प्रशासन की जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी सविन बसंल के औचक निरीक्षण में करोड़ों की स्टाम्प चोरी, अवैध रजिस्ट्री और मूल दस्तावेजों को रोके रखने जैसे मामले सामने आए। औद्योगिक भूमि को आवासीय दिखाकर राजस्व हानि भी की गई। शासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुशासनात्मक प्रक्रिया शुरू की है।जांच में करोड़ों रुपये की स्टाम्प चोरी की आशंका भी जताई गई। दून घाटी विशेष महायोजना-2031 के अंतर्गत औद्योगिक भूमि को आवासीय दर्शाकर छोटे-छोटे भूखंडों में रजिस्ट्री कराने के मामले सामने आए। इससे सरकार को राजस्व हानि होने के साथ खरीदारों के साथ धोखाधड़ी की आशंका भी व्यक्त की गई है।निरीक्षण के दौरान फरियादियों ने बताया कि मूल दस्तावेज लौटाने और रजिस्ट्री की नकल देने में उन्हें लंबे समय तक परेशान किया गया। जबकि नियम के अनुसार दस्तावेज तीन दिन के भीतर लौटाए जाने चाहिए।जिला प्रशासन ने जांच रिपोर्ट शासन को भेजते हुए उप निबंधक के निलंबन की संस्तुति की थी, जिस पर शासन ने तत्काल कार्रवाई की। प्रशासन का कहना है कि अन्य रजिस्ट्रार कार्यालयों में भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और राजस्व हितों से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
