उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

देहरादून जनपद के ऋषिकेश लक्कड़घाट क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पूर्ति विभाग को सीएम पोर्टल के माध्यम से शिकायत मिली थी कि ऋषिकेश के लक्कड़ घाट इलाके में गैरकानूनी तरीके से गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने पुलिस के सहयोग से आकस्मिक छापेमारी कराई। छापेमारी के दौरान एक बिना छत वाले मकान के अन्दर बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी। मौके से भारी संख्या में कमर्शियल और घरेलू गैस सिलेंडर, पांच इलेक्ट्रिक मोटर, तराजू और रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। बाहर खड़ी दो गाड़ियों की तलाशी में भी बड़ी संख्या में सिलेंडर मिले। कुल 134 व्यावसायिक और 12 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए।सभी सिलेंडरों को गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दिया गया, जबकि वाहन पुलिस के हवाले किए गए। इस मामले में थाना कोतवाली ऋषिकेश में एफआईआर दर्ज कर दी गई है। और जांच के बाद और सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गैस रिफिलिंग जन सुरक्षा से जुड़ा गंभीर अपराध है और ऐसी किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
