उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
रुद्रप्रयाग में गुलदार के हमले से एक महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीणों ने निरीक्षण के लिए पहुंचे डीएफओ समेत वन विभाग के अधिकारियों को बंधक बना लिया और वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने गुलदार को नरभक्षी घोषित कर उसे मारने की मांग की। बाद में अधिकारियों द्वारा कार्रवाई के आश्वासन के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।तीन दिन पहले जखोली विकासखंड के एक गांव में घास लेने गई महिला को गुलदार ने बना लिया था निवाला
2. गुलदार के पकड़े नहीं जाने से नाराज महिलाओं ने निरीक्षण के लिए गांव पहुंचे अधिकारियों को बनाया बंधक
रुद्रप्रयाग। तीन दिन पहले घास काटने गई महिला को निवाला बनाने वाले गुलदार के नहीं पकड़े जाने से नाराज महिलाओं ने डीएफओ व अन्य अधिकारियों को बंधक बना लिया। अधिकारी गांव में हालात का जायजा लेने पहुंचे थे। काफी मान-मनौव्वल करने पर करीब एक घंटे बाद महिलाओं ने अधिकारियों को मुक्त किया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खूब हंगामा किया। वह गुलदार को नरभक्षी घोषित कर गोली मारने की मांग कर रही थीं। जखोली विकासखंड में ग्रामसभा बरसिर के डांडा चमसारी तोक की रूपा देवी (59) शुक्रवार को घास लेने खेत गई थीं। इस दौरान गुलदार के हमले में उनकी मौत हो गई। इसके बाद वन विभाग ने क्षेत्र में 20 ट्रैप कैमरे व चार पिंजरे लगाए, लेकिन गुलदार अब तक नहीं पकड़ा जा सका है।इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे निरीक्षण के लिए गांव पहुंचीं डीएफओ कल्याणी को भी उनके गुस्से का सामना करना पड़ा। डीएफओ के साथ एसडीओ दिवाकर पंत, रेंजर हरीश थपलियाल व अन्य वनकर्मी भी थे। इस दौरान गांव की महिलाओं ने पहले तो वन विभाग व प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की और फिर डीएफओ समेत सभी अधिकारी-कर्मचारियों को वन पंचायत के एक कमरे में बंद कर ताला लगा दिया। डीएफओ ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह गुलदार को गोली मारने की मांग पर अड़ गईं।
