उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

राजधानी में लगातार हो रही हत्याओं का असर दून के बाजार पर भी दिख रहा है। ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है। व्यापारियों को इससे काफी नुकसान हो रहा है। दरअसल, दून में गुंजन हत्याकांड और अर्जुन हत्याकांड प्रमुख बाजार में ही हुआ। मच्छी बाजार में युवती गुंजन की बेरहमी से हत्या कर दी गई तो वहीं दो दिन पहले ही तिब्बती मार्केट में अर्जुन को मौत के घाट उतार दिया गया।गुंजन हत्याकांड, अर्जुन हत्याकांड और अब विक्रम शर्मा की हत्या के साथ ही दून में शांति और सुकून की भी हत्या हुई। पॉश इलाके में शुमार राजपुर रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुए गोलीकांड से एक बार फिर सनसनी फैल गई। राजधानी देहरादून में 11 दिन में दिनदहाड़े लगातार हत्या की इस तीसरी घटना से पूरे शहर में दहशत है। शुक्रवार सुबह हत्याकांड की खबर जैसे ही दूनवासियों तक पहुंची तो हर व्यक्ति की जुबान पर बस एक सवाल था आखिर शांत और सुकून की वादियों में बसे दून में ये हो क्या रहा है। इतना ही नहीं सिलसिले वार हुईं इन आपराधिक घटनाओं के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर शांत माने जाने वाले इस शहर में अपराधी बेखौफ कैसे हो गए।शहरवासी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर सख्ती से लगाम लगाने की मांग कर रहे हैं। ताकि, देहरादून फिर से अपनी पुरानी शांति और सुरक्षित माहौल के लिए जाना जा सके। विक्रम शर्मा हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर सुरक्षा से संबंधित लोगों के सवाल दिन भर तैरते रहे। इतना ही नहीं लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।लोगों ने कहा कि लगातार बढ़ रहीं आपराधिक घटनाओं ने शहर की शांति और सुकून पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी शांत और सुरक्षित माने जाने वाला यह शहर अब अपराधियों के लिए आसान ठिकाना बनता नजर आ रहा है। लोगों ने हत्याकांड के फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर चिंता जताई तो कोई सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता नजर आया।दून में लगातार हो रही हत्याओं से बाजार में भी इसका सीधा असर दिख रहा है। लोग हत्याओं से सहमे हुए हैं। शुक्रवार को पलटन बाजार, मच्छी बाजार, तिब्बती मार्केट समेत अन्य बाजार सुनसान दिखे। व्यापारियों का कहना है कि ग्राहक बाजार में आने से डर रहे हैं।
