उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
देहरादून के ओल्ड सर्वे रोड पर एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने पांच लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में बाइक सवार रोहित फिलिप की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।ओल्ड सर्वे रोड पर गुरुवार शाम तेज रफ्तार इनोवा कार ने सड़क पर चल रहे पांच लोगों को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अनियंत्रित कार बाद में सड़क किनारे एक घर में जा घुसी। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।पुलिस के अनुसार जाखन की ओर से सर्वे रोड आ रही इनोवा कार को गुनीत सिंह चला रहा था। ओल्ड सर्वे रोड पर वाहन की रफ्तार अचानक बढ़ने से सड़क पर चल रहे करीब पांच लोग इसकी चपेट में आ गए।हादसे में बाइक पर सवार रोहित फिलिप और उनका बेटा अनूप फिलिप गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल दून अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान रोहित फिलिप की मौत हो गई, जबकि अनूप का इलाज चल रहा है।एक अन्य गंभीर घायल को पहले दून अस्पताल लाया गया, बाद में हालत गंभीर होने पर वैश्य नर्सिंग होम रेफर किया गया। एक अन्य घायल को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन देर रात तक उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी थी। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर एक मकान में जा घुसी। सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने चालक गुनीत सिंह को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि उसका क्रॉस मॉल में शोरूम है।
