उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
उत्तराखंड में पश्चिम विक्षोभ के कारण मौसम परिवर्तन हुआ है। आईएमडी ने आज देहरादून समेत कई मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून और आसपास के मैदानी व पहाड़ी इलाकों में मौसम का मिजाज एक बार फिर पूरी तरह बदल गया है। पिछले एक हफ्ते से चिलचिलाती धूप और सामान्य से अधिक तापमान के कारण समय से पहले गर्मी की दस्तक महसूस की जा रही थी, लेकिन बुधवार से शुरू हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव ने एक बार फिर प्रदेश को शीत लहर की चपेट में ले लिया है।तापमान में गिरावट, बढ़ी ठिठुरन,मंगलवार तक दून का पारा सामान्य से काफी ऊपर चल रहा था, जिससे लोग गर्मी से बेहाल होने लगे थे। मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.5°C दर्ज किया गया था, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक था। हालांकि, बुधवार को मौसम के करवट लेते ही ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही ने पारे को सीधे 5 डिग्री सेल्सियस नीचे धकेल दिया।देहरादून का हाल,बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 23.5°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के करीब है। वहीं न्यूनतम तापमान 10.3°C दर्ज किया गया। शहर के अन्य हिस्सों में भी अधिकतम तापमान 24.7°C और न्यूनतम 14.17°C के आसपास रहा। अचानक हुए इस बदलाव के कारण लोग जो हल्के कपड़ों में आ गए थे, उन्हें एक बार फिर अलमारी से गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर होना पड़ा है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, वर्तमान में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है, जिसके चलते आगामी 24 से 48 घंटों में उत्तराखंड के कई जिलों में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। इस मौसमी बदलाव के कारण चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की प्रबल संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया गया है, विशेषकर 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी हो सकती है।वहीं दूसरी ओर, देहरादून, हरिद्वार और उधमसिंह नगर जैसे मैदानी इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की रिमझिम बारिश होने की उम्मीद है, जिससे सुबह और शाम की ठिठुरन में एक बार फिर इजाफा देखने को मिलेगा।,अगले दो दिनों तक उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में धूप और बादलों की लुका-छिपी जारी रहेगी, जिससे फरवरी के अंत में एक बार फिर से दिसंबर जैसी ठंड का अहसास होने की उम्मीद है।
