उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो
आज शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के कुशल निर्देशन में, पुलिस लाइन रतूड़ा में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी, श्री विकास पुण्डीर के नेतृत्व में आयोजित इस सत्र में पुलिस बल ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सत्र के दौरान योग प्रशिक्षक श्री दौलत सिंह नेगी ने उपस्थित पुलिस बल को विभिन्न महत्वपूर्ण योगासनों, सूक्ष्म व्यायामों और प्राणायाम का गहन अभ्यास कराया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से उन क्रियाओं पर जोर दिया जो भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच मानसिक शांति प्रदान करने में सहायक होती हैं। प्रशिक्षक ने स्पष्ट किया कि नियमित योग न केवल शरीर को रोगमुक्त रखता है, बल्कि कठिन परिस्थितियों में भी मानसिक संतुलन बनाए रखने की शक्ति प्रदान करता है। मानसिक संतुलित और स्वस्थ शरीर ही बेहतर जनसेवा की नींव है।इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है, ऐसे में स्वयं को फिट रखना अनिवार्य है। योग के माध्यम से पुलिसकर्मी न केवल अपनी कार्यक्षमता बढ़ा सकते हैं, बल्कि एक तनावमुक्त जीवन भी व्यतीत कर सकते हैं। 🛡️ प्रतिष्ठा, अनुशासन और स्वास्थ्य के इस संगम के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

*
