उत्तराखंड डेली न्यूज: ब्योरो

श्री मोहन सिंह बिष्ट वर्ष 2017 से विकासखंड देवाल में ट्राउट मछली पालन के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। वे स्थानीय लोगों, विशेषकर युवाओं को मत्स्य पालन के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।उन्होंने राज्यपाल को बताया कि ट्राउट मछली की बाजार में अत्यधिक मांग है और उनके द्वारा उत्पादित मछली आईटीबीपी एवं एसएसबी को आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मत्स्य पालन से उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है। साथ ही उन्होंने अपने गांव में इंटीग्रेटेड फार्मिंग (एकीकृत कृषि) शुरू करने के लिए सहयोग का अनुरोध किया।राज्यपाल ने मोहन सिंह बिष्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड में ट्राउट मत्स्य पालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने इस क्षेत्र में अधिक से अधिक युवाओं को प्रेरित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के स्टार्टअप और स्वरोजगार के प्रयास आमदनी बढ़ाने में सहायक होते हैं।राज्यपाल ने श्री मोहन सिंह बिष्ट के प्रयासों को उत्तराखण्ड के लिए एक अनुकरणीय पहल बताते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी दिशा में कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की नवाचारी सोच और उद्यमशीलता ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक समृद्धि और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
