उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो

प्रदेश की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में आज 19 से 22 अगस्त तक विधानसभा का मानसून सत्र चलेगा। सदन पटल पर सदस्यों के लगभग 550 से अधिक प्रश्न मंत्रियों की परीक्षा लेंगे। वित्त मंत्री के तौर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अनुपूरक बजट पेश करेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और वरिष्ठ कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह से फोन पर बातचीत कर उनकी मांगों को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी जो भी मांगें हैं, उन पर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए जा चुके हैं। उन्होंने दोनों नेताओं से धरना समाप्त करने और विधायक आवास पर लौटने की अपील की।विधानसभा अध्यक्ष से मिलने पहुंचे कांग्रेस विधायकों की वार्ता बेनतीजा रही। कांग्रेस विधायकों ने कहा कि वे सदन के भीतर ही बैठे रहेंगे। सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद अब सभी कांग्रेसी विधायक विधानसभा अध्यक्ष से मिलने पहुंचे। सत्र स्थगित होने के बाद से ये विधायक सदन में ही बैठे हुए थे। विपक्ष के हंगामे के बीच सीएम धामी ने अनुपूरक बजट रखा। इसके बाद सदन की कार्यवाही बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
ये नौ विधेयक सदन पटल पर रखे गए
उत्तराखंड विनियोग 2025-26 का अनुपूरक विधेयक 2025
उत्तराखंड उत्तर प्रदेश श्री बदरीनाथ तथा श्री केदारनाथ मंदिर अधिनियम 1939 संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड धर्म स्वतंत्रता एवं विधि विरुद्ध प्रतिषेध संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड साक्षी संरक्षण निरसन विधेयक 2025
उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक 2025
समान नागरिक संहिता उत्तराखंड संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025
उत्तराखंड लोकतंत्र सेनानी सम्मान विधेयक 2025
