उत्तराखंड डेली न्यूज़: ब्योरो
कोटद्वार। उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी ने मंगलवार शाम 1.29 करोड़ की लागत से क्षेत्र के सात प्रमुख पुलों पर लगाई गई एलईडी स्ट्रीट लाइटों का लोकार्पण किया। लोकार्पण होते ही कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में स्थित सातों पुल रोशनी से जगमगा उठे। खासकर तिरंगे की रोशनी हर किसी को लुभा रही थी। राज्य सरकार की ओर से नगर निगम क्षेत्र की जनता को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यह सौगात मिली है।विधानसभा अध्यक्ष ने सुखरो पुल पर क्षेत्रीय जनता की उपस्थिति में स्ट्रीट लाइट का स्विच ऑन कर औपचारिक रूप से जनता को समर्पित किया। कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल एवं राज्य वित्त आयोग से स्वीकृत इस परियोजना को बीते वर्ष शासन से अनुमोदन कराया था। वर्तमान में कार्य पूरा होकर योजना को जनता को समर्पित कर दिया गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का इस परियोजना की स्वीकृति के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। कहा कि कोटद्वार के मालन, सुखरो, सिद्धबली, ग्रास्टनगंज, बीईएल रोड स्थित सुखरो पुल, काशीरामपुर तल्ला स्थित गूलर पुल और गाड़ीघाट स्थित खोह पुल अब रात्रि में भी सुरक्षित और प्रकाशमान रहेंगे। इसके साथ ही प्रमुख चौराहों पर भी हाईमास्ट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे यातायात और नागरिकों की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा। इस अवसर पर मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, नगर आयुक्त पीएल शाह, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रेमा खंतवाल, पार्षद प्रमोद केष्टवाल और कमल नेगी आदि मौजूद रहे।
